Crispy Pakora Recipe for Ramadan | Iftar Snacks Ideas | इफ्तार के लिए पकौड़ा रेसिपी | घर पर कुरकुरे पकौड़े बनाने का तरीका |

Date:


Last Updated:

Crispy Pakora Recipe for Ramadan 2026: रमजान के महीने में इफ्तार के दस्तरख्वान पर पकौड़े न हो, ऐसा मुमकिन नहीं. लेकिन अक्सर घर पर पकौड़े बाजार जैसे कुरकुरे नहीं बन पाते. जिसे देखते हुए देहरादून की मुनीजा ने एक सीक्रेट साझा किया है. जिससे आपके पकौड़े ठंडे होने के बाद भी नरम नहीं पड़ेंगे. इसका इस्तेमाल कर आप भी इस इफ्तार में अपनों की वाह-वाही लूट सकते हैं. जानिए आलू-प्याज के इन लच्छेदार पकौड़ों को एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि और खास टिप्स.

देहरादून: रमजान के पवित्र महीने में इफ्तार के समय दस्तरख्वान पर अगर गरमा-गरम पकौड़े न हों, तो शाम कुछ अधूरी सी लगती है. पकौड़े तो हर घर में बनते हैं, लेकिन अधिकतर लोगों की शिकायत होती है कि वे बाजार जैसे कुरकुरे नहीं बनते या तलने के कुछ देर बाद ही नरम पड़ जाते हैं. देहरादून की निवासी मुनीजा ने इस समस्या का समाधान बताते हुए कुछ ऐसे सीक्रेट टिप्स साझा किए हैं, जिनसे आपके पकौड़े न केवल स्वादिष्ट बनेंगे बल्कि लंबे समय तक क्रिस्पी भी रहेंगे.

पकौड़ों को एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने का राज
मुनीजा के अनुसार, पकौड़ों को हलवाई जैसा कुरकुरा बनाने का असली राज बेसन के साथ चावल के आटे का सही मिश्रण है. चावल का आटा नमी को सोख लेता है, जिससे पकौड़े सख्त और कुरकुरे बनते हैं. वहीं, सिर्फ एक चुटकी बेकिंग सोडा का इस्तेमाल उन्हें अंदर से जालीदार और सॉफ्ट बनाता है. हालांकि, सोडा की मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि ज्यादा सोडा होने पर पकौड़े तेल अधिक सोखने लगते हैं.

पैकोड़ो के लिए जरूरी सामग्री और तैयारी
बेहतरीन पकौड़े बनाने के लिए आपको 1.5 कप बेसन, आधा कप चावल का आटा, लच्छेदार कटे हुए प्याज और आलू, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटा हरा धनिया और एक चुटकी बेकिंग सोडा की आवश्यकता होगी. मसालों में नमक, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन और साबुत कुटा हुआ धनिया स्वाद को दोगुना कर देते हैं. सबसे पहले सब्जियों को काटकर और धोकर किसी छलनीदार बर्तन में 5 मिनट के लिए छोड़ देना चाहिए, ताकि उनका अतिरिक्त पानी निकल जाए और पकौड़े तेल में जाकर बिखरे नहीं.
यह भी पढ़ें: रमजान पर इफ्तार के लिए बनाएं खजूर से बनी ये 2 कोल्ड ड्रिंक्स, दिनभर की थकान से मिलेगी राहत, नोट करें आसान रेसिपी

बनाने की सही विधि और तरीका
एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा और सभी मसालों के साथ सब्जियों को अच्छी तरह मिला लें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और कुटी हुई अजवाइन जरूर डालें क्योंकि यह हाजमे के लिए अच्छी होती है. पेस्ट तैयार करने के बाद इसे कुछ देर के लिए छोड़ दें. तलने के लिए कढ़ाई में तेल को अच्छी तरह गरम करें. जब तेल से हल्का धुआं उठने लगे, तो आंच को मध्यम कर दें. अब छोटे-छोटे पकौड़े डालें और उन्हें सुनहरा होने तक तलें. तेज आंच पर पकौड़े ऊपर से जल जाते हैं और अंदर से कच्चे रह जाते हैं, इसलिए मध्यम आंच पर तलना सबसे बेहतर तरीका है.

इफ्तार की रौनक बढ़ाएंगे ये पकौड़े
गरमा-गरम पकौड़ों को पुदीने की तीखी चटनी या इमली की सोंठ के साथ इफ्तार में परोसें. मुनीजा का कहना है कि सब्जियों में पालक के पत्ते शामिल करने से स्वाद और भी बढ़ जाता है. इस आसान रेसिपी और सही तकनीक को अपनाकर आप इस बार रमजान में अपने परिवार और मेहमानों का दिल जीत सकते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related