Homemade Night Cream: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हमारी स्किन दिनभर धूप, धूल, पसीना और पॉल्यूशन का सामना करती है. यही वजह है कि कई लोगों की त्वचा जल्दी बेजान, रूखी और थकी हुई दिखने लगती है. दिन में हम जितना भी स्किन केयर कर लें, असली काम रात में होता है, क्योंकि सोते समय त्वचा खुद को रिपेयर करती है और नई कोशिकाएं बनती हैं, अगर इस समय सही देखभाल मिल जाए तो चेहरा ज्यादा हेल्दी और ग्लोइंग दिख सकता है. बाजार में मिलने वाली नाइट क्रीम्स स्किन को मॉइस्चर और पोषण देने का दावा करती हैं, लेकिन वे अक्सर महंगी होती हैं और उनमें कई तरह के केमिकल भी मिलाए जाते हैं. ऐसे में हर किसी के लिए उन्हें नियमित इस्तेमाल करना आसान नहीं होता.
अच्छी बात यह है कि घर पर मौजूद कुछ आसान और नेचुरल चीजों से आप खुद की नाइट क्रीम तैयार कर सकते हैं. यह न केवल सस्ती होती है बल्कि स्किन पर हल्की और सुरक्षित भी रहती है. एलोवेरा, बादाम तेल, गुलाब जल और ग्लिसरीन से बनी यह होममेड नाइट क्रीम स्किन को नमी, पोषण और ताजगी देने में मदद करती है. नियमित इस्तेमाल से चेहरे पर कुदरती निखार दिखने लगता है.
नाइट क्रीम बनाने के लिए जरूरी चीजें
-2 चम्मच एलोवेरा जेल
-1 चम्मच बादाम का तेल
-1 चम्मच ग्लिसरीन
-3–4 चम्मच गुलाब जल
-एक साफ एयरटाइट कंटेनर
घर पर नाइट क्रीम बनाने का तरीका
1. सबसे पहले एक साफ और सूखा कटोरा लें. इसमें एलोवेरा जेल डालें. अब इसमें बादाम का तेल और ग्लिसरीन मिलाएं. इन तीनों चीजों को धीरे-धीरे चलाते हुए अच्छे से मिक्स करें ताकि मिश्रण स्मूद हो जाए.
2. जब यह मिश्रण एकसार हो जाए, तब इसमें गुलाब जल डालें और फिर से चलाएं. कुछ ही देर में इसका टेक्सचर हल्की क्रीम जैसा हो जाएगा.
अब तैयार क्रीम को एक साफ एयरटाइट कंटेनर में भर लें. बेहतर रिजल्ट के लिए इसे फ्रिज में रखें. ठंडा रहने से क्रीम ज्यादा समय तक फ्रेश रहती है और स्किन पर लगाने पर ठंडक भी देती है.
नाइट क्रीम लगाने का सही तरीका
1. रात को सोने से पहले सबसे पहले चेहरे को किसी माइल्ड फेस वॉश से अच्छी तरह साफ करें. त्वचा पर धूल या मेकअप का कोई अंश नहीं रहना चाहिए.
2. चेहरा हल्का सूख जाए तो उंगलियों पर थोड़ी सी क्रीम लें और चेहरे व गर्दन पर डॉट-डॉट करके लगाएं. अब हल्के हाथों से ऊपर की दिशा में मसाज करें ताकि क्रीम स्किन में समा जाए.
3. ध्यान रखें कि क्रीम सोने से कम से कम 10–15 मिनट पहले लगाएं, ताकि यह ठीक से एब्जॉर्ब हो सके. इसे पूरी रात लगा रहने दें और सुबह उठकर चेहरा धो लें.
4. अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो पहली बार इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
इस होममेड नाइट क्रीम के फायदे
1. एलोवेरा जेल स्किन को गहराई से हाइड्रेट करता है और उसे सॉफ्ट बनाता है. इससे त्वचा में ठंडक और आराम महसूस होता है.
2. बादाम का तेल पोषण से भरपूर होता है और डल स्किन में जान लाने में मदद करता है. यह स्किन को स्मूद और हेल्दी लुक देता है.
3. ग्लिसरीन नमी को त्वचा में बनाए रखने में मदद करता है, जिससे रातभर स्किन मॉइस्चराइज रहती है और सुबह चेहरा फ्रेश दिखता है.
4. गुलाब जल स्किन को ताजगी देता है, हल्की टोनिंग करता है और चेहरे की थकान कम करने में मदद करता है.
5. इन सभी चीजों का मेल त्वचा को सॉफ्ट, मॉइस्चराइज और ग्लोइंग बनाने में मदद करता है.
बेहतर रिजल्ट के लिए छोटे-छोटे टिप्स
हमेशा साफ हाथों से क्रीम निकालें. ज्यादा मात्रा में न लगाएं, हल्की लेयर काफी है. 10-12 दिन के भीतर क्रीम इस्तेमाल कर लें. आंखों के अंदर जाने से बचाएं. बहुत ऑयली स्किन हो तो हफ्ते में 3-4 बार लगाएं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)


