गर्मी के टॉप 5 फूल, जमीन या गमले में आसानी से लग जाएंगे इनके पौधे, कम देखभाल, खुशबू से महक उठेगा घर

Date:


Gardening Tips: कई लोग बागवानी का शौक रखते हैं और अपने घर में छोटे-छोटे गार्डन या गमलों के जरिए हरियाली बनाए रखते हैं. वहीं, अब गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और लोग अपने घर-आंगन और गार्डन को हरा-भरा और खुशबूदार बनाने की तैयारी करने लग गए हैं. लेकिन, इस बात की चिंता सता रही है कि इस मौसम में कौन से फुल लगाएं, ताकि गर्मी में भी फूल खिले रहें. अगर आप भी इस गर्मी में अपने घर को फूलों की खुशबू से महकाना चाहते हैं, तो आज हम पांच ऐसे पौधों के बारे में बता रहे हैं जो पूरे सीजन खिलते रहते हैं और ज्यादा देखभाल भी नहीं मांगते.

खरगोन के बिष्टान रोड स्थित वाटिका नर्सरी के 11 साल का अनुभव रखने वाले फाजिल एहमद ने बताया, गर्मी में कुछ खास फूलों के पौधे ऐसे होते हैं जो तेज धूप में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं. इनमें मोगरा, कनेर, बोगन वेलिया, मधुकामिनी, मधु मालती ये ऐसे पौधे हैं, जो गर्मी में भी सुगंधित फूलों से लदे रहते हैं. इन्हें बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत भी नहीं पड़ती. किसी भी नर्सरी में आसानी से महज 50 से 100 रुपए में मिल जाते हैं.

मोगरा का पौधा
गर्मी के मौसम में बागवानी के लिए नंबर वन पर बात करें तो मोगरा का पौधा सबसे अच्छा माना जाता है. इसके छोटे-छोटे सफेद फूल न सिर्फ देखने में सुंदर होते हैं, बल्कि इनकी खुशबू भी बहुत तेज होती है. मोगरा को गमले या जमीन दोनों में आसानी से लगाया जा सकता है और इसे ज्यादा पानी या देखभाल की जरूरत नहीं होती.

कनेर का पौधा
इसके अलावा कनेर का पौधा भी गर्मी के लिए अच्छा विकल्प है. कनेर के फूल सफेद, गुलाबी और पीले रंग में आते हैं और तेज धूप में भी आसानी से खिलते हैं. यह पौधा लंबे समय तक फूल देता है और सड़क किनारे से लेकर घर के गार्डन तक हर जगह लगाया जा सकता है. इसकी देखभाल भी काफी आसान होती है.

बोगनवेलिया का पौधा
बोगनवेलिया भी गर्मी के मौसम में खूब खिलने वाला पौधा है. इसके चमकीले गुलाबी, लाल और बैंगनी रंग के फूल घर की सुंदरता को बढ़ा देते हैं. यह पौधा कम पानी में भी अच्छी तरह बढ़ता है और दीवारों या गेट के पास लगाने पर बहुत आकर्षक लगता है. इसे ज्यादा खाद या देखभाल की जरूरत नहीं पड़ती.

मधुकामिनी का पौधा 
चौथे नंबर पर बात करें मधुकामिनी की तो इसका पौधा भी गर्मी में अपनी खुशबू के लिए जाना जाता है. इसके छोटे सफेद फूल शाम के समय ज्यादा महकते हैं, जिससे पूरा घर सुगंधित हो जाता है. यह पौधा झाड़ी के रूप में बढ़ता है और इसे घर के आंगन या गार्डन के कोने में लगाया जा सकता है. इसकी नियमित छंटाई करने से यह और घना हो जाता है.

मधुमालती का पौधा
इसी तरह एक और पौधा है जिसका नाम मधुमालती है. यह भी एक बेल वाला पौधा है जो गर्मी में तेजी से बढ़ता है और सुंदर फूल देता है. इसके फूल शुरुआत में सफेद होते हैं और धीरे-धीरे गुलाबी और लाल रंग में बदल जाते हैं. यह पौधा दीवार, गेट या जाली पर चढ़ाकर लगाया जाता है, जिससे घर का लुक और भी बेहतर हो जाता है.

भीषण गर्मी में भी नहीं मुरझाएंगे पौधे
फाजिल बताते है कि, इन सभी पौधों की खासियत यह है कि ये निमाड़ की भीषण गर्मी में भी मुरझाते नहीं हैं और ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. हल्की खाद और 3 से चार दिन में पानी देने पर भी मुरझाते नहीं है. तो अगर आप भीअपने घर-आंगन या बागीचे को इस गर्मी में खुशबू से महकाना चाहते हैं, तो ये फूल आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related