Last Updated:
हल्दी वाला दूध सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है और ज्यादातर लोग इसे इम्युनिटी बढ़ाने या सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए पीते हैं. लेकिन अगर आप इसमें एक जरूरी चीज नहीं मिलाते, तो इसका पूरा लाभ शरीर को नहीं मिल पाता. हल्दी के गुणों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने के लिए इसमें काली मिर्च मिलाना बेहद जरूरी है, तभी यह घरेलू नुस्खा सच में असर दिखाता है.
भारत में सदियों से हल्दी वाला दूध यानी “गोल्डन मिल्क” को घरेलू नुस्खे के तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है. सर्दी-खांसी हो, शरीर में दर्द हो या इम्युनिटी बढ़ानी हो, हल्दी दूध को हर समस्या का आसान इलाज माना जाता है.
आयुर्वेद में भी हल्दी को औषधी के रूप में महत्व मिलता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ हल्दी मिलाकर दूध पी लेने से उसका पूरा फायदा शरीर को नहीं मिलता. एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक आप इसमें काली मिर्च नहीं मिलाते, तब तक हल्दी के असली गुण शरीर में सही तरीके से अवशोषित यानी एब्जॉर्ब नहीं हो पाते.
हल्दी में मौजूद मुख्य तत्व “कर्क्यूमिन” होता है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है. यही कर्क्यूमिन शरीर की सूजन कम करने, इम्युनिटी मजबूत करने और जोड़ों के दर्द में राहत देने में मदद करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
लेकिन समस्या यह है कि कर्क्यूमिन अपने आप शरीर में बहुत कम मात्रा में अवशोषित होता है. यानी आप रोज हल्दी दूध पी रहे हैं, फिर भी उसका पूरा फायदा आपको नहीं मिल पा रहा. ऐसे में काली मिर्च का रोल बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है.
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, काली मिर्च में “पाइपरिन” नाम का तत्व पाया जाता है, जो कर्क्यूमिन के अवशोषण को कई गुना बढ़ा देता है. रिसर्च बताती हैं कि पाइपरिन कर्क्यूमिन की बायोअवेलेबिलिटी को काफी हद तक बढ़ा सकता है. आसान शब्दों में कहें तो अगर आप हल्दी दूध में एक चुटकी काली मिर्च मिला दें, तो शरीर हल्दी के गुणों को बेहतर तरीके से ग्रहण कर पाएगा.
हल्दी दूध में काली मिर्च मिलाने से न सिर्फ इम्युनिटी मजबूत होती है, बल्कि यह शरीर की सूजन, गले की खराश और सर्दी-जुकाम में भी ज्यादा असरदार साबित होता है. इसके अलावा यह पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाता है और मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करता है. जो लोग वर्कआउट के बाद मसल पेन से परेशान रहते हैं, उनके लिए भी यह मिश्रण फायदेमंद हो सकता है.
इसे बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं. इसके बाद इसमें एक चुटकी काली मिर्च जरूर डालें. चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा शहद भी मिला सकते हैं, लेकिन शहद को उबलते दूध में न डालें, दूध थोड़ा ठंडा होने पर मिलाएं. रात में सोने से पहले इसे पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
बस ध्यान रखें कि किसी भी चीज का अधिक सेवन नुकसानदायक हो सकता है. ज्यादा मात्रा में हल्दी लेने से कुछ लोगों को पेट में जलन या एसिडिटी की समस्या हो सकती है. इसलिए संतुलित मात्रा में ही इसका सेवन करें. अगर आपको कोई गंभीर बीमारी है या आप नियमित दवा ले रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा.


