नई दिल्ली. अगर आप 2000 के दशक के बॉलीवुड गानों के शौकीन हैं, तो तेरी दुल्हन सजाऊंगी आपके नॉस्टैल्जिया वाली लिस्ट में जरूर होगा. साल 2005 में आई फिल्म बरसात का यह गाना उस दौर का जबरदस्त हिट था. इस गाने की सबसे खास बात थी इसकी कास्टिंग. बड़े स्क्रीन पर एक साथ प्रियंका चोपड़ा और बिपाशा बसु को देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं था. यह एक परफेक्ट वेडिंग सॉन्ग है, जिसमें शादी की रस्में, सहेलियों की मस्ती और थोड़ा सा इमोशनल टच भी है. गाने में प्रियंका और बिपाशा की केमिस्ट्री और उनके डांस मूव्स ने इसे हर शादी और संगीत फंक्शन की जान बना दिया था. बिपाशा का दुल्हन वाला लुक और प्रियंका की सादगी ने गाने में चार चांद लगा दिए थे. इस गाने को कैलाश खेर और अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी, जो सुनने में बहुत ही मधुर लगता है. वहीं, नदीम-श्रवण के म्यूजिक ने गाने में जान फूंक दी थी.


