Last Updated:
Chhattisgarhi mix bhaji dal recipe : छत्तीसगढ़ की पारंपरिक मिक्स भाजी और दाल स्वाद और सेहत से भरपूर व्यंजन है. लाल भाजी, पालक और हरे मटर को दाल के साथ पकाया जाता है. धीमी आंच पर पकने के बाद इसमें लहसुन और हरी मिर्च का देसी तड़का लगाया जाता है. गरमा-गरम भात या रोटी के साथ यह डिश बेहद स्वादिष्ट लगती है.
Food Story : छत्तीसगढ़ की रसोई अपनी सादगी, पौष्टिकता और देसी स्वाद के लिए जानी जाती है. यहां की पारंपरिक व्यंजनों में मिक्स भाजी और दाल की सब्जी खास स्थान रखती है. लाल भाजी, पालक भाजी और हरे मटर के साथ बनी यह सब्जी न केवल सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि इसका देसी तड़का स्वाद को दोगुना कर देता है. गांव से लेकर शहर तक यह व्यंजन रोजमर्रा के भोजन में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है.
पौष्टिकता से भरपूर देसी व्यंजन
मिक्स भाजी और दाल की सब्जी छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खान-पान का अहम हिस्सा है. इसमें हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ दाल का उपयोग किया जाता है, जिससे शरीर को प्रोटीन, आयरन और विटामिन भरपूर मात्रा में मिलते हैं. यह व्यंजन हल्का होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी लाभकारी माना जाता है.
ऐसे तैयार करें मिक्स भाजी और दाल
सबसे पहले लाल भाजी, पालक भाजी और हरे मटर को अच्छी तरह साफ करके दो बार पानी से धो लें. इसके बाद इन्हें एक बर्तन में अलग रख दें. अब कड़ाही में पानी डालकर उबाल लें और उसमें तीन कप दाल डाल दें. दाल को करीब 10 मिनट तक अच्छी तरह पकने दें. जब दाल आधी पक जाए तो उसमें सभी मिक्स भाजी डाल दें और फिर लगभग 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब भाजी और दाल अच्छी तरह पक जाएं, तो उन्हें एक बर्तन में निकाल लें.
देसी तड़के से बढ़ेगा स्वाद
अब कड़ाही में तेल गर्म करें. उसमें बारीक कटी हरी मिर्च और लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें. तैयार तड़के को पकी हुई भाजी और दाल के ऊपर डाल दें. इससे सब्जी में देसी खुशबू और लाजवाब स्वाद आ जाएगा. छत्तीसगढ़िया मिक्स भाजी और दाल की यह पारंपरिक रेसिपी सादगी के साथ सेहत और स्वाद का बेहतरीन संगम है, जिसे आप गरमा-गरम भात या रोटी के साथ परोस सकते हैं.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें


