राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में उदय भानु चिब की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई. पुलिस का दावा है कि विरोध प्रदर्शन की साजिश रचने में वह कथित तौर पर शामिल थे.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान उदय भानु चिब ने सहयोग नहीं किया और जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं. वहीं, कांग्रेस सांसद ससीकांत सेंटिल ने कहा कि चिब को मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था और वह लगभग 20 घंटे से पुलिस कस्टडी में हैं.
दरअसल, भारत मंडपम में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट इंडिया समिट’ के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने अपने कपड़े उतारकर ऐसे नारे लिखे हुए थे, जिनमें ‘Compromised PM’ जैसे शब्द शामिल थे. इसे प्रधानमंत्री के खिलाफ विरोध के रूप में बताया गया.
इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि उसके कार्यकर्ता ‘एक समझौता कर चुके प्रधानमंत्री’ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्होंने AI समिट के दौरान देश की पहचान से समझौता किया है. बयान में कहा गया कि यह विरोध लोकतांत्रिक असहमति का हिस्सा था.
भूपेश बघेल ने गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी
उदय भानु की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली पुलिस द्वारा IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई उदय भानु चिब जी एवं अन्य युवा साथियों की ग़ैरक़ानूनी गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं. “ताना-शाह” सरकार यह भूल रही है कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है.’
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के, सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को सामने लाया. यह एक साहसी, जायज और लोकतांत्रिक कदम था, जिसे दबाने के लिए अब सरकार के द्वारा पुलिसिया दमन का सहारा लिया जा रहा है. यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है.
बघेल ने कहा, ‘हम मांग करते हैं कि उदय भानु चिब जी सहित सभी गिरफ्तार IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए सभी झूठे आरोप वापस लिए जाएं तथा इस तरह की दमनकारी कार्रवाईयों को तत्काल रोका जाए. लड़ेंगे-जीतेंगे.’
बीजेपी ने बोला हमला
वहीं इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. कई राज्यों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किए और पार्टी की ओर से मांग की गई कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.
बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर ‘देश विरोधी और विकास विरोधी प्रचार’ करने का आरोप लगाया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि विश्व AI समिट में ‘नग्न विरोध प्रदर्शन’ के मामले में यूथ कांग्रेस प्रमुख से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी हुई है.


