8वीं से लेकर ग्रेजुएट तक के लिए मौका, यूपी में यहां 5 हजार पदों पर होगी भर्ती, 100 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

Date:


ग्रेटर नोएडा  : गौतम बुद्ध नगर जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सेवायोजन विभाग की ओर से आगामी 25 फरवरी को वीजीआई (VGI) परिसर में भव्य रोजगार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को उनके अपने जनपद में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार महोत्सव को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. विभाग ने लगभग 100 कंपनियों को आमंत्रित किया था, लेकिन अभी तक करीब 125 कंपनियों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है. विभाग की कोशिश है कि आयोजन के दिन लगभग 100 कंपनियां मौके पर उपस्थित रहें, ताकि ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सके.

उन्होंने बताया कि अब तक इस रोजगार महोत्सव के लिए लगभग 5000 रिक्तियां प्राप्त हो चुकी हैं. यह मेला उन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा, जो लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे हैं या अपने जिले में ही बेहतर अवसर पाना चाहते हैं.

हर योग्यता के लिए अवसर
रोजगार महोत्सव की खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए मौके उपलब्ध होंगे. मनीषा अत्री के अनुसार चयन प्रक्रिया में 8वीं पास, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट तक के अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकेंगे. इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है.

प्रतिष्ठित कंपनियां होंगी शामिल
इस मेले में कई नामी कंपनियां भाग लेने जा रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनियां जैसे Haier, Samsung, Vivo समेत अन्य प्रतिष्ठित संस्थान युवाओं का चयन करेंगे. इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर, होटल मैनेजमेंट और आईटीआई सेक्टर से जुड़ी कंपनियां भी रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी.  इससे अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाने का विकल्प मिलेगा.

आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल
सेवायोजन विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह सरल और सुलभ बनाया है. इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल rojgarsangam.up.gov.in पर जाकर रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही विभाग की ओर से एक QR कोड भी जारी किया गया है, जिसे स्कैन करके भी अभ्यर्थी आसानी से पंजीकरण कर सकते हैं. अधिकारी ने बताया कि कई अभ्यर्थी तकनीकी रूप से उतने सक्षम नहीं होते या उनके पास ऑनलाइन आवेदन के संसाधन नहीं होते. इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने विशेष व्यवस्था की है.

मौके पर भी होगा रजिस्ट्रेशन
जो अभ्यर्थी किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए हैं, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है. मनीषा अत्री ने स्पष्ट किया कि आवेदन की कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है. ऐसे अभ्यर्थी 25 फरवरी को सीधे वीजीआई परिसर पहुंचकर भी पंजीकरण करा सकते हैं. बताया कि इसके लिए आयोजन स्थल पर एक विशेष सहायता टीम तैनात की जाएगी, जो अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रियाओं में मदद करेगी. विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र अभ्यर्थी केवल तकनीकी या संसाधन की कमी के कारण इस अवसर से वंचित न रह जाए.

युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
सेवायोजन विभाग ने जिले के सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस रोजगार महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. यह मेला न केवल नौकरी पाने का अवसर है, बल्कि विभिन्न कंपनियों से सीधे संवाद करने और अपने कौशल को प्रस्तुत करने का भी सुनहरा मौका है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के रोजगार मेलों से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने में मदद मिलती है और युवाओं का पलायन भी कम होता है. यदि अभ्यर्थी सही तैयारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचते हैं, तो उनके चयन की संभावना काफी बढ़ जाती है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related