वाराणसी: फरवरी के बाद अब मार्च का महीना शुरू होने वाला है. फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत के साथ एक के बाद एक दो नए पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इसके कारण मौसम में थोड़ा उतार चढ़ाव की भी संभावना बनी हुई है. हालांकि बारिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार (25 फरवरी) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिली रहेगी. कुछ जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी नजर आ सकता है. 26, 27 और 28 फरवरी को भी मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. आईएमडी ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है.
अयोध्या से बरेली तक छाया रहेगा धूप
बुधवार को अमेठी, रायबरेली, अयोध्या, सीतापुर, श्रावस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, ललितपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, वाराणसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, बहराइच, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, आजमगढ़, बलरामपुर, महराजगंज, बलिया और आस पास के जिलों में सुबह से धूप खिली रहेगी.अनुमान है कि ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
राजधानी लखनऊ में बुधवार को हल्के छिटपुट बादल नजर आएंगे. हालांकि ज्यादातर समय धूप खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. अगले 2 से 3 दिनों में इसमें 2 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है. उधर, दिल्ली से सटे नोएडा में भी आज धूप खिली रहेगी. यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
4 दिन में दो पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चार दिनों में 2 नए पश्चिमी विक्षोभ हिलालयी क्षेत्र को प्रभावित करेंगे.पहला पश्चिमी विक्षोभ 27 फरवरी को और दूसरा 2 मार्च को हिमालयी क्षेत्र पर असर डालेगा.
बताते चलें कि अब धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में भी उछाल देखा जा रहा है. बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर जिले में रिकॉर्ड किया गया है. यहां न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा .वहीं प्रयागराज में सर्वाधिक तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा.


