Onion Tomato Chutney। प्याज टमाटर की चटनी रेसिपी

Date:


Onion Tomato Chutney Recipe: घर का खाना तभी पूरा लगता है जब उसके साथ कोई चटपटी चीज मिल जाए, और चटनी इस मामले में सबसे आगे रहती है. कई बार ऐसा होता है कि सब्जी या दाल सामान्य बनी हो, लेकिन साथ में रखी एक कटोरी चटनी पूरे खाने का मजा बदल देती है. खासकर प्याज-टमाटर की चटनी तो ऐसी होती है जो हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. इसमें टमाटर की हल्की खटास और प्याज की मीठी खुशबू मिलकर ऐसा स्वाद बनाती है जो बिल्कुल होटल या ढाबे जैसा लगता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत या समय नहीं लगता.

रसोई में मौजूद रोजमर्रा की चीजों से सिर्फ कुछ मिनट में यह तैयार हो जाती है. नाश्ते में पराठा हो, दोपहर में दाल-चावल या रात में रोटी-सब्जी, यह चटनी हर प्लेट के साथ फिट बैठती है. अगर आप भी चाहते हैं कि घर के खाने में बाहर जैसा मजा आए, तो यह आसान प्याज-टमाटर चटनी की रेसिपी जरूर ट्राय करें.

क्यों खास है प्याज-टमाटर की चटनी
प्याज और टमाटर दोनों ही ऐसी चीजें हैं जो लगभग हर भारतीय रसोई में मिल जाती हैं. इन दोनों का मेल स्वाद के लिहाज से बेहद संतुलित माना जाता है. टमाटर हल्की खटास देता है, जबकि प्याज पकने के बाद मिठास छोड़ता है. जब इसमें लहसुन, हरी मिर्च और मसालों का तड़का लगता है, तो खुशबू इतनी लाजवाब होती है कि भूख अपने आप बढ़ जाती है. यही वजह है कि दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक अलग-अलग रूप में यह चटनी बनाई और पसंद की जाती है.

प्याज-टमाटर की चटनी बनाने के लिए सामग्री
-2 मध्यम आकार के प्याज
-2 पके टमाटर
-2 हरी मिर्च
-4-5 लहसुन की कलियां
-1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल
-स्वादानुसार नमक
-आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-एक चुटकी हींग
-आधा छोटा चम्मच राई या जीरा
-थोड़ा सा हरा धनिया

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले प्याज का छिलका उतारकर धो लें और टमाटर भी साफ पानी से धो लें. अब दोनों को बारीक काट लें. गैस पर कढ़ाही रखें और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें. तेल हल्का धुआं छोड़ने लगे तो आंच धीमी कर दें और उसमें राई या जीरा डालें. इनके चटकते ही हींग और बारीक कटा लहसुन डाल दें.

2. लहसुन हल्का सुनहरा होने लगे तो हरी मिर्च और कटा प्याज डालें. प्याज को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक वह हल्का गुलाबी न हो जाए. ध्यान रखें कि प्याज ज्यादा भूरा न हो, नहीं तो चटनी का स्वाद कड़वा लग सकता है.

3. अब इसमें कटे हुए टमाटर और नमक डालें. नमक डालने से टमाटर जल्दी गलते हैं. कढ़ाही को ढककर 5-7 मिनट तक पकाएं. जब टमाटर पूरी तरह नरम हो जाएं और मसाले से हल्का तेल अलग दिखने लगे, तब लाल मिर्च पाउडर डालकर मिला दें. गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें.

4. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में डालकर पीस लें. आप चाहें तो इसे हल्का दरदरा रखें या बिल्कुल चिकना बना लें. ऊपर से हरा धनिया डालें. तैयार है होटल-स्टाइल प्याज-टमाटर चटनी.

तड़का लगाकर बढ़ाएं स्वाद
अगर आप चटनी में और ज्यादा खुशबू और स्वाद चाहते हैं, तो ऊपर से अलग से तड़का लगा सकते हैं. एक छोटी पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, उसमें राई, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें. यह तड़का चटनी पर डालते ही उसकी खुशबू कई गुना बढ़ जाती है. यह तरीका खासतौर पर दक्षिण भारतीय स्टाइल का स्वाद देता है.

बिना पकाए झटपट चटनी
जब समय कम हो, तब आप कच्ची प्याज-टमाटर चटनी भी बना सकते हैं. इसके लिए कटे प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और थोड़ा नींबू रस मिक्सर में डालकर पीस लें. ऊपर से थोड़ा कच्चा सरसों का तेल डालें. यह चटनी देसी स्वाद देती है और खासकर दाल-चावल या बाजरे की रोटी के साथ बहुत अच्छी लगती है.

स्वाद के साथ सेहत भी
यह चटनी सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है. टमाटर में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाने में मदद करते हैं. प्याज में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत रखते हैं. कम तेल में बनी यह चटनी रोज के खाने में स्वाद और हल्का पोषण दोनों जोड़ती है.

किन चीजों के साथ खाएं
-पराठा या थेपला
-दाल-चावल
-रोटी-सब्जी
-डोसा या इडली
-पकौड़े या स्नैक्स

हर डिश के साथ इसका स्वाद अलग-अलग अंदाज में उभरकर आता है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related