एक हफ्ते में तीन कत्ल और अब एनएच 27 पर मिली शख्स की लाश, घर के पास खून के धब्बों ने खड़े किए कई सवाल

Date:


Last Updated:

Madhubani Crime News: बिहार के मधुबनी में अपराध का ग्राफ फिर सवालों के घेरे में है. एक हफ्ते के भीतर तीन हत्याएं और बड़ी डकैती की घटनाओं के बीच रविवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया. एनएच 27 किनारे फेंका गया शव, सोशल मीडिया से हुई पहचान और घर के पास मिले खून के धब्बे. हत्या की कहानी में कई सवाल छोड़ रही है.

Zoom

झंझारपुर डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा ने जानकारी साझा की.

मधुबनी. बिहार के मधुबनी जिले में डकैती, लूट और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीते एक सप्ताह में तीन व्यक्तियों की हत्या और करोड़ों रुपये की डकैती की घटनाएं हुई हैं. रविवार की रात में एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनौरा गोठ गांव की है. बताया जा रहा है कि हत्या कर शव को चनौरागंज गांव के पास एन एच 27 सड़क किनारे फेंका गया था. पुलिस गश्ती दल ने रात के करीब 11 बजे एन एच 27 सड़क किनारे युवक का शव देखा तो पुलिस ने वरीय पदाधिकारी को सूचना देते हुए शव को कब्जे में कर लिया. शव की पहचान के लिए पुलिस ने मृतक का फोटो सोशल साइट पर भेजा और आसपास के लोगों को भी भेजा जिसके बाद मृतक की पहचान चनौरागोठ गांव के ओमप्रकाश ठाकुर के रूप में हुई है.

झंझारपुर में शख्स की हत्या से इलाके में दहशत

बताया जा रहा है कि युवक चौक पर दुकान करता था और देर शाम घर से दुकान के लिए निकला था. युवक ने अपनी मां को बताया कि वह दुकान पर जा रहा है और कुछ देर में दुकान बंद कर वापस आएगा. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई अता-पता नहीं चला. सुबह सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर उसकी पहचान की गई. पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया.

खून के धब्बों ने खड़े किए कई सवाल

इस बीच पुलिस की जांच में मृतक के घर के आसपास खून के धब्बे देखे गए हैं. मधुबनी जिला पुलिस टीम जांच पड़ताल में जुट गई है और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. परिजनों ने बताया कि किसी से कोई झगड़ा नहीं था. हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग दहशत में हैं. वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. झंझारपुर डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा ने कहा है कि जल्दी ही हत्या की वारदात का उद्भेदन कर लिया जाएगा और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 झंझारपुर बढ़ रहे अपराध, पुलिस जांच में जुटी

मधुबनी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं. एक सप्ताह में तीन हत्याएं और अब यह वारदात. लोगों में डर है और गुस्सा भी. पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन असली चुनौती भरोसा बहाल करने की है. जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाते, एनएच 27 किनारे मिली वह लाश इलाके की दहशत का प्रतीक बनी रहेगी.

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related