Last Updated:
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च के पहले सप्ताह में गर्मी तेज होने वाली है. बाड़मेर में तापमान 36.3 डिग्री तक पहुँच गया है और होली के आसपास पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव चलने की संभावना है, जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मौसम में अब बड़े बदलाव का दौर शुरू हो चुका है. राज्य से सर्दी का असर लगभग खत्म होने के कगार पर है और अब केवल सुबह व देर शाम ही हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है. दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश अब लोगों को पसीने छुड़ाने लगी है. राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में दिन के तापमान में निरंतर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बुधवार को राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया, जिसने आगामी गर्मियों की आहट दे दी है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अधिकांश इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर बना हुआ है, जो मार्च की शुरुआत में ही भीषण गर्मी का संकेत दे रहा है.
मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान का बाड़मेर जिला 36.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो लूणकरनसर में पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, राज्य में आगामी सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में आने वाले 7 दिनों के भीतर तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है. विशेष रूप से मार्च के पहले सप्ताह में, जब प्रदेश होली के त्यौहार की तैयारियों में होगा, तब गर्मी का असर अपने चरम पर पहुँच सकता है. विभाग ने आशंका जताई है कि इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में ‘एंटीसाइक्लोनिक सिस्टम’ बनने के कारण हीटवेव (लू) जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं, जिससे पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
जिलों के तापमान का विस्तृत विवरण
बुधवार को दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, जयपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री, जोधपुर में 33.9 डिग्री, बीकानेर में 33.6 डिग्री और जैसलमेर में 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, शेखावाटी क्षेत्र के सीकर में 30.0 डिग्री और चूरू में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान के मोर्चे पर भी अब राहत कम होने लगी है. जयपुर का न्यूनतम पारा 18.2 डिग्री और बाड़मेर का 19.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जिससे रातें भी अब धीरे-धीरे गर्म होने लगी हैं. हालांकि, माउंट आबू जैसे पहाड़ी इलाकों में अभी भी अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम 11.2 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे वहाँ का मौसम फिलहाल सुखद बना हुआ है.
आगामी सप्ताह के लिए सावधानी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान में अचानक हो रही इस वृद्धि के कारण लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है. दिन के समय तेज धूप और हवा में आर्द्रता की कमी (15 से 35 प्रतिशत) से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है. होली के आसपास पड़ने वाली संभावित भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए, विभाग ने दोपहर के समय बाहर निकलते वक्त विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में गर्मी का प्रभाव अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक तीव्र रहने की संभावना है.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें


