BPSC Exam Calendar 2026 Out: 46585 शिक्षक पदों पर महाभर्ती का ऐलान, आयोग ने खोला 48 भर्तियों का पिटारा

Date:


BPSC Exam Calendar 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने साल 2026 का भर्ती कैलेंडर जारी कर दिया है. इस कैलेंडर में कुल 48 भर्तियों का जिक्र है. सबसे खास बात यह है कि इसमें चौथे चरण की शिक्षक भर्ती यानी बीपीएससी टीआरई 4.0 के तहत 46,585 पदों पर नियुक्ति की जानकारी दी गई है. हालांकि, इस नए कैलेंडर में 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अलग से जिक्र नहीं किया गया है.

BPSC TRE 4.0: कब होगी परीक्षा और कब आएगा रिजल्ट?

कैलेंडर के मुताबिक, बिहार शिक्षक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा (TER 4.0) के लिए लिखित परीक्षा 22 सितंबर 2026 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी. इस भर्ती के तहत कुल 46,585 पद भरे जाएंगे. आयोग ने बताया है कि इसका रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी किया जाएगा.

सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO) भर्ती

वहीं, 935 पदों पर सहायक शिक्षा विकास अधिकारी की परीक्षा 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 के बीच होगी. इसका परिणाम जून 2026 में आने की संभावना है.

प्रधान शिक्षक भर्ती

प्रधान शिक्षक भर्ती परीक्षा 40,247 पदों के लिए 29 जनवरी 2026 को आयोजित की जा चुकी है. इसका रिजल्ट मार्च 2026 में जारी होने का प्रस्ताव है.

70वीं और 71वीं बीपीएससी अपडेट

उम्मीदवार ध्यान दें कि 2035 पदों वाली 70वीं बीपीएससी परीक्षा का रिजल्ट अप्रैल-मई 2026 में आएगा. वहीं, 71वीं बीपीएससी (1298 पद) की मेंस परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक होगी. इसका रिजल्ट अगस्त 2026 में आएगा. इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सितंबर से नवंबर 2026 के बीच होगा और फाइनल रिजल्ट दिसंबर 2026 में जारी किया जाएगा.

72वीं बीपीएससी में कितने पद?

72वीं बीपीएससी के लिए अब तक 550 पद प्राप्त हुए हैं. इनमें 365 पद राजस्व अधिकारी के हैं. समाज कल्याण विभाग में अनुमंडल संरक्षक पदाधिकारी के 101 नए पद बनाए गए हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए सृजित किए गए हैं. इसके अलावा सीडीपीओ और सेल टैक्स विभाग से भी कुछ पद मिले हैं. आयोग ने कहा है कि 30 अप्रैल 2026 तक जितने पद मिलेंगे, उन्हें इस भर्ती में शामिल किया जाएगा.

विशेष शिक्षक और अन्य तकनीकी पद

– 7279 विशेष शिक्षकों की भर्ती का रिजल्ट मार्च 2026 में आएगा.

– औषधि निरीक्षक (Drug Inspector) का अंतिम परिणाम जून 2026 में घोषित होगा.

– खनिज विकास पदाधिकारी और भू-तत्वविद (Geologist) का परिणाम जनवरी 2026 में आएगा.

– प्रखंड उद्यान पदाधिकारी का रिजल्ट मई 2026 में जारी होने की संभावना है.

– सहायक क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकारी और विधि रचनाकार (Legal Draftsman) का परिणाम अगस्त 2026 में आएगा.

स्वास्थ्य विभाग की भर्तियां

आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा अधिकारियों के पदों का अंतिम परिणाम सितंबर 2026 में घोषित किया जाएगा.

अन्य महत्वपूर्ण भर्तियां

– नगर योजना पर्यवेक्षक का रिजल्ट अप्रैल 2026 में आएगा.

– जिला कला संस्कृति पदाधिकारी का परिणाम जून 2026 में घोषित होगा.

– अंकेक्षक (Auditor) का परिणाम दिसंबर 2026 में आने की संभावना है.

– सहायक अंकेक्षण पदाधिकारी का अंतिम परिणाम नवंबर 2026 में जारी किया जाएगा.

उम्मीदवारों के लिए क्या है संदेश?

बीपीएससी का यह कैलेंडर उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की सही योजना बनाने में मदद करेगा. अब अभ्यर्थी परीक्षा और रिजल्ट की संभावित तारीखों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति तय कर सकते हैं. शिक्षक भर्ती से लेकर प्रशासनिक और तकनीकी पदों तक, 2026 बिहार के युवाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आ रहा है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related