Last Updated:
कई सफल फिल्मों के पीछे रिश्ते के टूटन की कहानी भी छिपी होती है. कई बार फिल्म बनते समय जिगरी सुपर स्टार के बीच मनमुटाव हो जाता है. पर्दे पर तो ये सुपर स्टार हंसते-गाते नजर आते हैं लेकिन दिलों में दूरियां होती हैं. 45 साल पहले ऐसी ही एक फिल्म आई थी जिसने सिनेमाघरों में खूब धमाल मचाया था लेकिन अमिताभ बच्चन-शत्रुघ्ना सिन्हा के दिलों में दीवार खड़ा कर गई. दोनों ने फिर कभी साथ में काम नहीं किया.यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…..
अमिताभ बच्चन-शत्रुघ्न सिन्हा दोनों ने बॉलीवुड में शुरुआती दिनों में खूब संघर्ष किया. शत्रुघन सिन्हा की पहली फिल्म ‘साजन’ 1969 में आई थी. इसमें मनोज कुमार और आशा पारेख मुख्य भूमिका में थे. इसी साल अमिताभ ने ‘सात हिंदुस्तानी’ से अपना करियर शुरू किया था. 1973 में जंजीर फिल्म से अमिताभ रातोंरात स्टार बन गए. शत्रुघ्न सिन्हा को 1976 में आई फिल्म ‘कालीचरण’ से हीरो की पहचान मिली. दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे. 1980 में एक ऐसी फिल्म आई, जिसने दोनों के दिलों में खाई पैदा कर दी. यह फिल्म थी : दोस्ताना.
शत्रुघ्न सिन्हा सेट पर लेट आने के लिए जाने जाते थे. मजेदार बात यह है कि डायरेक्टर राज खोसला भी सेट पर लेट आने के लिए मशहूर थे. वहीं अमिताभ बच्चन समय के बहुत पाबंद थे. अमिताभ की पंक्चुअलिटी को देखते हुए राज खोसला ने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान समय पर आने की कोशिश की. यह इकलौती ऐसी फिल्म है जिसमें राज खोसला और अमिताभ बच्चन ने एकसाथ काम किया.
दोस्ताना फिल्म 17 अक्टूबर 1980 को रिलीज हुई थी. फिल्म के राइटर सलीम-जावेद थे. करण जौहर के पिता यश जौहर प्रोड्यूसर थे. उन्होंने अपना नया-नया बैनर धर्मा प्रोडक्शंस शुरू किया था. ‘दोस्ताना’ फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी पहली फिल्म थी. दोस्ताना एक एक्शन ड्रामा फिल्म थी जिसमें अमिताभ बच्चन-शत्रुघ्न सिन्हा और जीनत अमान लीड रोल में थे. डायरेक्टर राज खोसला थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दोस्ताना लव ट्रायंगल पर बेस्ड थी. जीनत अमान इकलौती फीमेल स्टार थी. अमिताभ बच्चन-शत्रुघ्न सिन्हा दोनों ही जीनत अमान से प्यार कर बैठते हैं. प्रेम चोपड़ा, अमरीश पुरी, हेलेने और प्राण सपोर्टिंग रोल्स में थे. म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. गीतकार आनंद बख्शी थे. फिल्म का एक गाना ‘बने चाहे दुश्मन, जमाना हमारा’, ‘दिल्लगी ने दी हवा, थोड़ा सा धुआं उठा’ आज भी उतने ही कर्णप्रिय लगते हैं. 1980 का साल जीनत अमान के लिए बहुत ही शानदार रहा था. इसी साल उनकी फिल्म ‘कुर्बान’ आई थी. इस फिल्म में भी वो दो हीरो विनोद खन्ना-फिरोज खान के साथ इकलौती हीरोइन थीं.
दोस्ताना फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और म्यूजिक सब कुछ अच्छा था. 1980 की यह चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी. अमिताभ-शत्रुघ्न सिन्हा ने दोस्ताना, शान, नसीब और काला पत्थर चार फिल्मों में एक साथ काम किया है. दोस्ताना दोनों की लास्ट फिल्म थी. इस फिल्म के बाद दोनों ने साथ में काम नहीं किया.
इसके पीछे की वजह शत्रुघ्न सिन्हा का सेट पर लेट आना था. वो इसके लिए बदनाम थे. डायरेक्टर राज खोसला भी सेट पर लेट आने के लिए मशहूर थे. अमिताभ बच्चन समय के बहुत पाबंद थे. शत्रुघ्न सिन्हा के लगातार सेट पर लेट आने से अमिताभ परेशान हो गए. उन्होंने सभी प्रोड्यूसर्स से कहा दिया था कि उन्हें शत्रुघ्न सिन्हा के साथ साइन ना किया जाए. यह इकलौती ऐसी फिल्म है जिसमें राज खोसला और अमिताभ बच्चन ने एकसाथ काम किया. यह भी दिलचस्प है कि इस फिल्म में काम करने वाले अमिताभ और शत्रुघ्न सिन्हा दोनों ही सांसद बने. शत्रुघ्न सिन्हा तो केंद्र में मंत्री भी रहे.
शत्रुघ्न सिन्हा ने रेखा को अमिताभ बच्चन से दोस्ती टूटने की वजह बताया था. शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी बॉयोग्राफी में इसके लिए रेखा को जिम्मेदार बताया. शॉटगन ने कहा था, ‘काला पत्थर फिल्म की शूटिंग के दौरान बॉलीवुड की एक पॉप्युलर हीरोइन जो कि अमिताभ की फ्रेंड थी, वो मिलने आया करती थी. दोस्ताना की शूटिंग के दौरान भी वो सेट पर आती थी. शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि अमिताभ से उनकी 20 साल तक अनबन चली. अभिषेक बच्चन की शादी में शत्रुघ्न सिन्हा के घर पर अमिताभ ने निमंत्रण कार्ड नहीं भिजवाया था. बाद में जब मिठाई भिजवाई तो शत्रुघ्न सिन्हा ने लेने से इनकार कर दिया था. 2016 में दोनों लंबे अरसे बाद साथ नजर आए थे.
दोस्ताना फिल्म से जुड़ा एक और मजेदार फैक्ट यह है कि प्रेम चोपड़ा इसमें मेन विलेन थे. अमरीश पुरी उनके सहायक थे. 1982 में अमरीश पुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े खलनायक बनकर उभरे. प्रोड्यूसर यश जौहर बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूस यश चोपड़ा के जीजा थे. उन्होंने सलीम-जावेद से रेडीमेड स्क्रिप्ट लेकर फिल्म बनाई थी. फिल्म 1977 में शुरू हुई और तीन साल में बनकर तैयार हुई. 2 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई इस फिल्म ने 4.5 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. सबसे मजेदार तथ्य यह है कि पूरे 28 साल बाद यश जौहर ने अपने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले 2008 में ‘दोस्ताना’ टाइटल से एक और फिल्म बनाई. अभिषेक बच्चन-जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा लीड रोल में थे.


