Last Updated:
लहचौड़ा गांव के किसान आदेश कुमार ने पारंपरिक खेती छोड़ टमाटर उत्पादन शुरू किया. यूट्यूब और कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर वे पिछले आठ वर्षों से एक एकड़ में खेती कर रहे हैं. एक बीघा से करीब 60 हजार रुपये मुनाफा मिलता है, जो अन्य फसलों से ढाई गुना अधिक है. उनकी फसल दिल्ली मंडी में बिकती है और आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बनी है.
बागपत जनपद के लहचौड़ा गांव निवासी किसान आदेश कुमार ने पारंपरिक गन्ना, धान और गेहूं की खेती छोड़कर टमाटर की खेती अपनाई और आज लाखों रुपये का मुनाफा कमा रहे हैं. बढ़ती लागत और घटती आमदनी से परेशान होकर उन्होंने खेती छोड़ने का मन बना लिया था, लेकिन कृषि वैज्ञानिक शुभम सिंह की सलाह ने उनकी दिशा बदल दी.
यूट्यूब और कृषि विज्ञान केंद्र से सीखा हुनर
आदेश कुमार ने टमाटर की खेती की बारीकियां यूट्यूब के माध्यम से सीखीं. इसके साथ ही उन्होंने बागपत स्थित कृषि विज्ञान केंद्र से निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त किया. सही तकनीक, उन्नत बीज और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने के कारण उनकी फसल बेहतर होने लगी. पिछले आठ वर्षों से वे लगातार टमाटर की खेती कर रहे हैं और इसे लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है.
एक बीघा में 60 हजार तक मुनाफा
आदेश कुमार एक एकड़ भूमि पर टमाटर उगाते हैं, जिससे उन्हें सालाना करीब तीन लाख रुपये तक का लाभ होता है. औसतन एक बीघा से लगभग 60 हजार रुपये का मुनाफा मिल जाता है, जो अन्य फसलों की तुलना में करीब ढाई गुना अधिक है. उनका कहना है कि यदि बाजार में टमाटर का भाव बढ़ जाए तो मुनाफा और भी अधिक हो सकता है. फिलहाल बाजार में टमाटर 20 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.
दिल्ली मंडी तक होती है सप्लाई
उनकी फसल की बिक्री दिल्ली मंडी में होती है, जबकि 50 प्रतिशत से अधिक उपज खेत से ही व्यापारियों को बेच दी जाती है. इससे परिवहन खर्च भी कम हो जाता है और लाभ बढ़ता है.
अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
आदेश कुमार का मानना है कि टमाटर की खेती कम समय में तैयार होने वाली और तेजी से मुनाफा देने वाली फसल है. हालांकि कीट नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना पड़ता है, लेकिन सही देखभाल से अच्छी पैदावार मिलती है. आज आसपास के किसान भी उनके पास पहुंचकर टमाटर की खेती की जानकारी ले रहे हैं. उनकी सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें


