Last Updated:
Beauty Tips :सुल्तानपुर की ब्यूटी एक्सपर्ट सविता मिश्रा लोकल 18 से बताती हैं कि खीरा एक प्राकृतिक उपाय है जो डार्क सर्कल को कम करने में मदद करता है इसको उपयोग करने के लिए हमें खीरे को पतले आकार में काट लेना है और इसे डार्क सर्कल वाली जगह पर लगभग 10 मिनट तक रख देना है. यह आपको महीने में कई बार करना है.
सुल्तानपुर : गर्मी का मौसम आते ही डार्क सर्कल की समस्या कई लोगों को परेशान करने लगती है. महंगी क्रीम का इस्तेमाल हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं होता. ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक उपाय बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं. आयुर्वेद चिकित्सक और ब्यूटी एक्सपर्ट ने इसके कारण और बचाव के आसान तरीके बताए हैं.
इन वजहों से होता है डार्क सर्कल
मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सक डॉ संतोष कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि डार्क सर्कल के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सबसे बड़ा कारण पर्याप्त नींद न लेना है. देर रात तक जागना और अनियमित दिनचर्या आंखों के नीचे काले घेरे बढ़ा देती है. कुछ मामलों में यह समस्या अनुवांशिक भी होती है. यदि परिवार में पहले से डार्क सर्कल की समस्या रही हो तो अगली पीढ़ी में भी इसका असर दिख सकता है. इसके अलावा शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन भी एक प्रमुख कारण है. उम्र बढ़ने के साथ त्वचा पतली होने लगती है. कोलेजन की मात्रा कम होने से आंखों के नीचे की रक्त वाहिकाएं अधिक दिखाई देती हैं. इससे त्वचा का रंग गहरा दिखने लगता है.
करें ये प्राकृतिक उपाय
सुल्तानपुर की ब्यूटी एक्सपर्ट सविता मिश्रा बताती हैं कि खीरा डार्क सर्कल कम करने का आसान और प्रभावी उपाय है. खीरे को पतले टुकड़ों में काटकर आंखों के नीचे लगभग 10 मिनट तक रखें. ऐसा महीने में कई बार करने से फायदा मिलता है. आलू का रस या कद्दूकस किया हुआ आलू भी उपयोगी होता है. इसे आंखों के नीचे लगाकर कुछ देर छोड़ दें. यह त्वचा को ठंडक देता है और कालेपन को कम करने में मदद करता है. हालांकि यदि किसी को एलर्जी की समस्या हो तो इन उपायों का इस्तेमाल करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए.
पर्याप्त नींद है सबसे जरूरी
डार्क सर्कल की समस्या से बचने के लिए रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है. पर्याप्त नींद लेने से त्वचा को आराम मिलता है और आंखों के नीचे की सूजन व काले घेरे कम होते हैं. इसके साथ ही प्राकृतिक फलों का सेवन लाभकारी होता है. पानी अधिक मात्रा में पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और त्वचा स्वस्थ बनी रहती है.
धूप से बचाव भी जरूरी
धूप में बाहर निकलते समय सनस्क्रीन और धूप का चश्मा जरूर पहनें. इससे आंखों के आसपास की त्वचा सुरक्षित रहती है. आंखों में खुजली होने पर उन्हें बार-बार रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा पर दबाव पड़ता है और काले घेरे बढ़ सकते हैं. घरेलू उपायों और सही दिनचर्या को अपनाकर डार्क सर्कल की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. नियमित देखभाल और संतुलित जीवनशैली ही स्वस्थ और चमकदार त्वचा की असली कुंजी है.

