Last Updated:
महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरित होकर क्रिकेट खेलने वाले इस गेंदबाज ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की उनके खिलाफ योजना कामयाब रही. इस मैच में चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लेने वाले तारिक ने कहा, “पाकिस्तान-भारत मैच पूरा देश देखता है और पूरी दुनिया की नजर भी उसी पर होती है. ये मेरे लिए बड़ा मौका था कि मैं अपनी पहचान बना सकूं.
पाक स्पिनर उस्मान तारिक महेंद्र सिंह धोनी को मानते हैं अपना रोल मॉडल
नई दिल्ली. भारत से टी20 वर्ल्ड कप में हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को फैंस और पुराने क्रिकेटरों की कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी है, लेकिन ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक ने मंगलवार को कहा कि इस हार के बावजूद टीम पर कोई दबाव नहीं है. 28 साल के इस ‘मिस्ट्री स्पिनर’ ने भारत के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का भी बचाव किया और कहा कि इन दोनों ने पाकिस्तान को कई मैच जिताए हैं.
अपने अनोखे गेंदबाजी एक्शन के लिए चर्चा में आए तारिक ने नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच से पहले कहा, “सच कहूं तो ये दबाव ज्यादातर दर्शकों और बाहर के शोर से आता है. लोगों को लगता है कि टीम में घबराहट है, लेकिन मैंने टीम के अंदर ऐसा कोई दबाव महसूस नहीं किया. जीत और हार खेल का हिस्सा हैं.” नामीबिया के खिलाफ टीम में बदलाव को लेकर उन्होंने कहा, “हम अपनी ताकत पर भरोसा करते हैं और आने वाले मैचों में उसी का इस्तेमाल करेंगे. अभी अंतिम ग्यारह को लेकर कोई साफ स्थिति नहीं है. मैच के दिन देखा जाएगा कि कौन खेलेगा.
तारिक के आइडियल हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरित होकर क्रिकेट खेलने वाले इस गेंदबाज ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की उनके खिलाफ योजना कामयाब रही. इस मैच में चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लेने वाले तारिक ने कहा, “पाकिस्तान-भारत मैच पूरा देश देखता है और पूरी दुनिया की नजर भी उसी पर होती है. ये मेरे लिए बड़ा मौका था कि मैं अपनी पहचान बना सकूं. मैं हालांकि उस स्तर तक नहीं पहुंच पाया, जैसा मुझे करना चाहिए था. अगर फिर मौका मिला तो मैं पिछली बार से बेहतर करने की कोशिश करूंगा.
पाकिस्तान अपने प्लान पर रहेगा कायम
पाकिस्तान को सुपर आठ में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ जीतना जरूरी है. उन्होंने कहा, “भारत के खिलाफ मैच के बाद हमने मीटिंग की. हमने चर्चा की कि हमारी प्लानिंग में कहां कमी रह गई, किन हिस्सों में गलती हुई और उन्हें कैसे सुधारा जाए ताकि वही गलतियां दोबारा न हों. हम उन कमियों पर काम करेंगे और इससे जरूर बेहतर नतीजे मिलेंगे.उन्होंने कहा, भारतीय बल्लेबाजों की योजना काम कर गई. मैं अपनी रणनीति के हिसाब से विकेट लेने की कोशिश कर रहा था. आखिर में मुझे लगा कि मेरी तरफ से गेंदबाजी संतुलित रही. विकेट भले कम मिले, लेकिन रन भी ज्यादा नहीं दिए. कई बार एक गेंदबाज रन रोकता है तो दूसरे छोर से विकेट मिल जाते हैं.


