[ad_1]
Last Updated:
नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ को लेकर सिनेमा गलियारों में हलचल तेज है. मेकर्स इस फिल्म को वैश्विक स्तर पर पेश करने की तैयारी में हैं. चर्चा है कि फिल्म का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर इस साल जुलाई में होने वाले मशहूर सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के अंतरराष्ट्रीय मंच पर लॉन्च किया जा सकता है. रणबीर कपूर स्टारर इस मैग्नम ओपस मूवी को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है, क्योंकि यह भारत की सबसे भव्य फिल्म होने वाली है.
रामायणम् फिल्म में रणबीर कपूर ने निभाया भगवान राम का रोल.
नई दिल्ली. नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ साल 2026 की उन चुनिंदा फिल्मों में से है, जिसका इंतजार दर्शक पलकें बिछाए कर रहे हैं. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और सनी देओल जैसे दिग्गज सितारों से सजी यह फिल्म अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चा का केंद्र बनी हुई है. साल 2025 में जब फिल्म की पहली झलक सामने आई थी, तब इसकी भव्यता ने हर किसी को हैरान कर दिया था. अब रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ के ट्रेलर को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है.
इंटरनेशनल मंच पर रिलीज होगा ‘रामायणम्’ का ट्रेलर
मिड-डे की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायणम्’ के मेकर्स इस समय सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के साथ बड़े स्तर पर बातचीत कर रहे हैं. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म का ट्रेलर अंतरराष्ट्रीय मंच पर लॉन्च होगा, जहां दुनिया भर की बड़ी फ्रेंचाइजी अपनी फिल्मों का प्रदर्शन करती हैं. दो हिस्सों में बन रही इस फिल्म को लेकर मेकर्स की सोच काफी बड़ी है.
‘रामायणम्’ को मिलेगी वैश्विक पहचान
पोर्टल को सोर्स ने बताया कि कॉमिक-कॉन जैसा मंच फिल्म को वैश्विक पहचान दिलाएगा. टीम का मकसद इस पौराणिक गाथा को सिर्फ एक भारतीय महाकाव्य के रूप में नहीं, बल्कि दुनिया के सामने एक सिनेमैटिक स्पेक्टेकल यानी भव्य सिनेमाई अनुभव के तौर पर पेश करना है. हाल ही में हुई स्क्रीनिंग से मिले शानदार फीडबैक ने मेकर्स के भरोसे को और मजबूत कर दिया है कि यह फिल्म अलग-अलग संस्कृतियों और देशों के दर्शकों को भी उतनी ही प्रभावित करेगी.
बड़े फेस्टिवल्स में हो सकता है फिल्म का प्रीमियर
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इस साल नवंबर में रिलीज होने से पहले ‘रामायणम्’ को दुनिया के कुछ बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में भी दिखाया जा सकता है. हाल ही में लॉस एंजिल्स में हुई स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की भव्यता और इसके स्केल की जमकर तारीफ हुई है, जिसने मेकर्स का उत्साह दोगुना कर दिया है.
दीवाली के मौके पर रिलीज होगी ‘रामायणम्’
बताते चलें कि नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं. वहीं, रावण के शक्तिशाली किरदार में यश, हनुमान के रूप में सनी देओल और लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे अपनी अदाकारी का जादू बिखेरेंगे. इनके अलावा अरुण गोविल, कुणाल कपूर और शीबा चड्ढा जैसे मंझे हुए सितारे भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. इसका पहला पार्ट साल 2026 में दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा.
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
[ad_2]
Source link
