Holi Safety Tips for Pregnant Women | Holi Infection Risk Prevention | होली पर गर्भवती महिलाओं के लिए सावधानियां | होली हेल्थ टिप्स |

Date:

[ad_1]

होमताजा खबरlifestyle

होली का रंग कहीं फीका न पड़ जाए! गर्भवती महिलाएं इन चीजों से रहें दूर, वरना…

Last Updated:

Holi Safety Tips For Pregnant Women: होली की मस्ती में कहीं आपकी और आपके होने वाले बच्चे की सेहत फीकी न पड़ जाए. नोएडा की डॉक्टर मीरा पाठक ने चेतावनी दी है कि ‘बुरा न मानो होली है’ की आड़ में इस्तेमाल होने वाले केमिकल रंग और बाजार की मिलावटी मिठाइयां गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ा जोखिम बन सकती हैं. रंगों में मौजूद लेड और आर्सेनिक जैसे भारी तत्व न केवल स्किन एलर्जी पैदा करते हैं, बल्कि गर्भ में पल रहे शिशु के विकास को भी प्रभावित कर सकते हैं. पानी वाली होली में फिसलने के खतरे से लेकर गुझिया में होने वाली मिलावट तक, इस रिपोर्ट में जानिए वो जरूरी सावधानियां जो इस होली मां और बच्चे दोनों को सुरक्षित रखेंगी.

नोएडा: होली का त्योहार रंग, उमंग और खुशियों का प्रतीक है, लेकिन ‘बुरा न मानो होली है’ के नाम पर लगाए जाने वाले केमिकल रंग कई बार त्वचा और सेहत के लिए गंभीर समस्या बन सकते हैं. बाजार में मिलने वाले सस्ते गुलाल और रंगों में अक्सर हानिकारक रसायन और हेवी मेटल्स पाए जाते हैं, जो त्वचा पर एलर्जी, रैशेज, खुजली और जलन जैसी दिक्कतें पैदा कर सकते हैं. डॉक्टरों का मानना है कि रंगों के संपर्क में आने से ये तत्व त्वचा के जरिए शरीर में अवशोषित हो सकते हैं. ऐसे में होली खेलने से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है.

केमिकल रंगों से शिशु के विकास पर असर
डॉक्टर मीरा पाठक ने बताया कि बाजार में मिलने वाले कई रंगों में लेड और आर्सेनिक जैसे हेवी मेटल्स मौजूद हो सकते हैं. ये धातुएं त्वचा के जरिए सोख ली जाती हैं या सांस के माध्यम से शरीर में प्रवेश कर जाती हैं. गर्भवती महिलाओं के मामले में ये तत्व ब्लडस्ट्रीम तक पहुंचकर प्लेसेंटा को पार कर सकते हैं, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान होने की आशंका रहती है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि गर्भवती महिलाएं केवल हर्बल, ऑर्गेनिक या फूलों से बने प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें और रासायनिक रंगों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें.
यह भी पढ़ें: होली पर घर के इन 4 कोनों की सफाई बदल सकती है आपकी किस्मत, जानें किन कोनों में जलाएं दीया

पानी वाली होली और संक्रमण का जोखिम
डॉक्टर मीरा पाठक का यह भी कहना है कि जितना संभव हो, गीली होली से बचना चाहिए. पानी से खेलने में फिसलने का खतरा अधिक रहता है, जिससे चोट लग सकती है. गर्भवती महिलाओं के लिए गिरने का जोखिम बेहद गंभीर हो सकता है. इसके अलावा, होली में इस्तेमाल किया जाने वाला पानी दूषित भी हो सकता है. यदि यह गलती से मुंह में चला जाए तो पेट संबंधी संक्रमण या अन्य बीमारियां हो सकती हैं. इसलिए सूखी और सुरक्षित होली खेलने पर जोर दिया जा रहा है. साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि मौसम बदलने के समय वायरल संक्रमण तेजी से फैलते हैं और गर्भवती महिलाओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है.

बाजार की मिठाइयों और नशे से रहें दूर
होली के दौरान खानपान को लेकर भी सतर्कता जरूरी है. त्योहार के समय बाजार में बड़े पैमाने पर मिठाइयां बनाई जाती हैं, जिनमें मिलावट की आशंका बनी रहती है. डॉक्टरों का कहना है कि गर्भवती महिलाएं बाजार की मिठाइयों, गुझिया या बाहर की ठंडाई से परहेज करें. कई बार मजाक में ठंडाई या मिठाइयों में भांग या अन्य नशीले पदार्थ मिला दिए जाते हैं, जो गर्भ में पल रहे शिशु के लिए बेहद हानिकारक हो सकते हैं. इसलिए केवल घर में बनी मिठाइयों का सेवन करना और अनजान लोगों से मिली खाने-पीने की चीजें न लेना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है.

बचाव के आसान और प्रभावी तरीके
त्वचा की सुरक्षा के लिए भी कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं. होली खेलने से पहले फुल स्लीव कपड़े पहनें, ताकि रंगों का सीधा संपर्क त्वचा से कम हो. इसके अलावा बादाम तेल या सरसों का तेल लगाकर त्वचा पर एक सुरक्षा परत बनाई जा सकती है, जिससे रंग आसानी से नहीं चिपकते और त्वचा को कम नुकसान पहुंचता है. डॉक्टरों की सलाह है कि सावधानी और जागरूकता के साथ होली मनाई जाए, ताकि त्योहार की खुशियां सेहत पर भारी न पड़ें. खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि मां और शिशु दोनों सुरक्षित रहें.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related