टेक्नीशियन बोला AC की गैस खत्म? पैसे खर्च करने से पहले ये 4 आसान टेस्ट कर लें, तुरंत पता चल जाएगा गैस लीक है या नहीं

Date:

[ad_1]

Check AC Gas Leak: गर्मियां आते ही घरों और दफ्तरों में AC की आवाज फिर से सुनाई देने लगती है. जैसे ही तापमान बढ़ता है, वैसे ही AC सर्विस, गैस रिफिल और रिपेयर के कॉल भी बढ़ जाते हैं. इसी दौरान कई लोग एक आम स्थिति का सामना करते हैं टेक्नीशियन आते ही कह देता है, “गैस खत्म है, रिफिल करनी पड़ेगी.” अधिकतर लोग बिना जांचे-परखे उसकी बात मान लेते हैं और अतिरिक्त पैसे खर्च कर देते हैं. सच यह है कि हर साल AC में गैस भरवाने की जरूरत नहीं होती. AC एक बंद सिस्टम पर काम करता है, जिसमें गैस अपने आप खत्म नहीं होती. गैस तभी कम होती है जब कहीं से लीकेज हो. ऐसे में आंख बंद करके भरोसा करना सही नहीं है. थोड़ी सी समझ और चार आसान जांच से आप खुद पता लगा सकते हैं कि वाकई गैस लीक है या नहीं.

अगर आप डिजिटल मीडिया में हैं या टेक्निकल चीजों को समझना पसंद करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए और भी काम की है. सही जानकारी आपको न सिर्फ झांसे से बचाती है, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करने में मदद करती है. आइए जानते हैं वे 4 तरीके, जिनसे आप खुद तय कर सकते हैं कि AC में गैस भरवाना जरूरी है या नहीं.

1. सबसे पहले कूलिंग पर ध्यान दें
जब भी टेक्नीशियन सर्विस के लिए आए, उससे पहले 10–15 मिनट AC जरूर चलाएं. देखिए कि कमरे में ठंडक पहले जैसी आ रही है या नहीं. अगर AC ठीक से ठंडा कर रहा है, तो गैस खत्म होने की संभावना बहुत कम है. कई बार सर्विस के बाद कूलिंग कम हो जाती है और फिर गैस रिफिल की बात कही जाती है. इसलिए सर्विस शुरू होने से पहले कूलिंग चेक करना समझदारी है.

अगर पहले ठंडक सही थी और बाद में कम हो गई, तो आप टेक्नीशियन से सवाल पूछ सकते हैं.

2. कॉइल्स पर बर्फ जम रही है क्या?
अगर AC की इनडोर यूनिट की कॉइल्स पर बर्फ जम रही है, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है. जब गैस कम हो जाती है, तो कॉइल्स जरूरत से ज्यादा ठंडी हो जाती हैं और हवा की नमी बर्फ में बदल जाती है. हालांकि, हर बार बर्फ जमना सिर्फ गैस की वजह से नहीं होता. एयर फिल्टर गंदा हो या एयर फ्लो कम हो, तब भी ऐसा हो सकता है. इसलिए पहले फिल्टर की सफाई भी देख लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. आउटर यूनिट के पाइप पर तेल या गीलापन
AC के पाइप में गैस के साथ खास तरह का तेल भी घूमता है. अगर कहीं लीकेज है, तो गैस के साथ थोड़ा तेल भी बाहर आता है. गैस तो उड़ जाती है, लेकिन तेल पाइप के जोड़ पर चिपचिपे दाग के रूप में दिख सकता है. आउटर यूनिट के पास जाकर पाइप के जोड़ ध्यान से देखें. अगर वहां तेल जैसा निशान या गीलापन नहीं है, तो बड़ी लीकेज की संभावना कम है. टेक्नीशियन से भी साफ तौर पर पूछें कि लीकेज कहां है.

4. बबल टेस्ट से सच्चाई सामने
अगर टेक्नीशियन गैस लीक की बात करे, तो उससे बबल टेस्ट दिखाने को कहें. इसमें साबुन या डिटर्जेंट का गाढ़ा घोल पाइप के जॉइंट्स पर लगाया जाता है. जहां से गैस लीक होती है, वहां बुलबुले बनने लगते हैं. अगर कोई बुलबुला नहीं दिख रहा, तो समझिए कि लीकेज नहीं है. यह बेहद आसान और असरदार तरीका है, जो झूठे दावे को तुरंत पकड़ सकता है.

हर साल गैस भरवाना क्यों गलत सोच है?
AC की गैस पेट्रोल या डीजल की तरह खत्म नहीं होती. अगर सिस्टम सील है और कहीं छेद नहीं है, तो सालों तक गैस वैसी ही रहती है. सिर्फ कूलिंग कम लगना ही गैस खत्म होने का प्रमाण नहीं है. कई बार गंदा फिल्टर, खराब फैन या कम वोल्टेज भी वजह हो सकते हैं. बिना लीकेज ठीक किए सिर्फ गैस भरवाना पैसे की बर्बादी है, क्योंकि गैस फिर से निकल जाएगी. इसलिए पहले कारण समझें, फिर खर्च करें.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related