[ad_1]
Last Updated:
Summer Skincare Tips: गर्मी का पारा चढ़ते ही हमारा चेहरा मुरझाने लगता है और कई बार महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी उस खोई हुई चमक को वापस नहीं ला पाते. अलीगढ़ की मशहूर स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. सुमईया फेज़ान ने बताया कि लोग स्किन केयर के नाम पर ऐसी गलतियां कर रहे हैं जो उनकी त्वचा को वक्त से पहले बूढ़ा बना रही हैं. आखिर क्यों सिर्फ पानी पीना आपकी स्किन को हाइड्रेटेड रखने के लिए काफी नहीं है और सनस्क्रीन लगाने के बाद भी लोगों का चेहरा क्यों झुलस जाता है. आइए जानते हैं कैसे आप इस समर सीजन अपने चेहरे को ग्लोइंग बना सकते हैं.
अलीगढ़: जैसे-जैसे गर्मियों का मौसम शुरू होता है, धूप और बढ़ते तापमान का असर हमारी त्वचा पर भी साफ दिखाई देने लगता है. तेज धूप, गर्म हवाएं और पसीना त्वचा को डिहाइड्रेट कर देते हैं, जिससे चेहरा मुरझाया हुआ लगने लगता है और स्किन पर बारीक रेखाएं दिखाई देने लगती हैं. ऐसे में गर्मियों में स्किन की खास देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है. स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. सुमईया फेज़ान बताती हैं कि एक बेसिक स्किन केयर रूटीन और सही खानपान की मदद से इस मौसम में भी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखा जा सकता है.
चेहरे में डीप हाइड्रेशन और पानी का महत्व
गर्मियों में त्वचा की सबसे बड़ी समस्या डिहाइड्रेशन यानी नमी की कमी होती है. जब शरीर में पानी कम हो जाता है, तो चेहरा बेजान दिखने लगता है. इससे बचने के लिए रोजाना कम से कम 3 लीटर पानी पीना चाहिए. डॉ. फेज़ान के अनुसार, त्वचा को गहराई से साफ करने और नमी देने के लिए ‘हाइड्रा फेशियल’ जैसे आधुनिक ट्रीटमेंट भी काफी मददगार होते हैं. यह स्किन को गहराई से हाइड्रेट करता है, जिससे चेहरे पर तुरंत फ्रेशनेस और ग्लो नजर आने लगता है.
सनस्क्रीन का सही इस्तेमाल जरूरी
स्किन केयर रूटीन में सनस्क्रीन सबसे जरूरी हिस्सा है. धूप में निकलने से कम से कम 20 मिनट पहले सनस्क्रीन लगाना चाहिए और हर तीन घंटे के बाद इसे दोबारा लगाना चाहिए. सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की धूप त्वचा के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक होती है, इसलिए इस समय बाहर निकलने से बचना चाहिए. अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो चश्मा, कैप या दुपट्टे से चेहरे को ढककर निकलें. यदि सनबर्न की समस्या हो जाए, तो चेहरे को ठंडे पानी से धोएं और तुरंत किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें.
डाइट और विटामिन C का कमाल
त्वचा को अंदर से स्वस्थ रखने के लिए डाइट का बहुत बड़ा रोल होता है. गर्मियों में ऐसे फलों का सेवन बढ़ा देना चाहिए जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो, जैसे तरबूज, संतरा, अमरूद और नाशपाती. ये फल न केवल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं बल्कि विटामिन C भी प्रदान करते हैं, जो त्वचा के कोलेजन को बनाए रखने में मदद करता है. इसके अलावा, रात के समय डॉक्टर की सलाह से विटामिन C या रेटिनॉल युक्त नाइट क्रीम का इस्तेमाल करना भी त्वचा के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.
बेसिक स्किन केयर रूटीन
डॉक्टर का कहना है कि अगर लोग नियमित रूप से क्लींजर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें, तो आधे से ज्यादा समस्याएं अपने आप खत्म हो जाएंगी. अपनी स्किन टाइप के हिसाब से एक अच्छा फेस वॉश चुनें और दिन में कम से कम दो बार चेहरा साफ करें. याद रखें कि गर्मियों में भी मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है, बस वह हल्का और वॉटर-बेस्ड होना चाहिए. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप भीषण गर्मी में भी अपनी स्किन को सुरक्षित और हेल्दी बनाए रख सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
[ad_2]
Source link
