[ad_1]
Last Updated:
Agra News: आगरा में मोहब्बत का खौफनाक अंत हुआ, जहां एक ऑटो चालक ‘चांद’ को उसकी ही प्रेमिका और उसके परिवार ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. 80% झुलस चुके चांद ने 7 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ी, लेकिन बुधवार रात उसकी सांसें थम गईं. मौत से गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
दो साल का अफेयर और फिर ‘प्रेमिका’ ने जिंदा जलाया (फोटो-AI)
Agra News: कहते हैं इश्क में इंसान को आबाद और बर्बाद कर देने की ताकत होती है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सामने आया है. यहां स्वरूप कॉलोनी में रहने वाले 25 वर्षीय चांद के लिए उसका प्यार ही काल बन गया. जिस शबनम के साथ उसने सुनहरे भविष्य के सपने देखे थे, उसी ने कथित तौर पर अपने परिवार के साथ मिलकर चांद को जिंदा जला दिया. सात दिनों तक अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हुए आखिरकार बुधवार रात चांद की सांसें थम गईं. चांद की मौत ने न केवल एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि पूरे इलाके में पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सवारी छोड़कर घर लौट रहा था चांद, बिछा था मौत का जाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 27 फरवरी की रात की है. चांद, जो पेशे से ऑटो चालक था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था, उस रात भी अपनी ड्यूटी खत्म कर घर की ओर बढ़ रहा था. उसे अंदाजा भी नहीं था कि आजमपाड़ा रोड पर उसकी मौत का इंतजार किया जा रहा है. परिजनों के मुताबिक, रास्ते में उसकी कथित प्रेमिका शबनम, उसकी मां, भाई और एक अन्य शख्स ने उसे घेर लिया. पहले तीखी बहस हुई, फिर नफरत ने वो रूप लिया जिसने रूह कंपा दी.
80% झुलसा शरीर, चीखें अनसुनी और फिर खौफनाक वारदात
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने चांद को उसके ऑटो से खींच लिया. उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसे पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया गया. आग की लपटों में घिरा चांद सड़क पर तड़पता रहा और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया. 80 प्रतिशत झुलस चुके चांद ने बुधवार रात दम तोड़ दिया.
दो साल का ‘अधूरा’ इश्क और नफरत की कहानी
चांद के भाई शबीर ने बताया कि चांद और शबनम के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शबनम मूल रूप से मथुरा की रहने वाली है और उसकी शादी आजमपाड़ा में हुई थी. पति की मौत के बाद वह अपने देवर के साथ रह रही थी. दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों में तल्खी थी, लेकिन यह दुश्मनी इस कदर बढ़ जाएगी कि किसी की जान ले ली जाए, यह किसी ने नहीं सोचा था.
सड़क पर शव और पुलिस के खिलाफ गुस्सा
चांद की मौत के बाद गुरुवार सुबह गुस्साए परिजनों का सब्र टूट गया. परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. उनका सीधा आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती जांच में शबनम और उसकी मां नगीना को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में बिना किसी ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया. परिजनों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खुला. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसीपी का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
[ad_2]
Source link
