[ad_1]
Last Updated:
Baghelkhandi style lauki kofta recipe : गर्मी के मौसम में हल्का, स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तलाश रहे लोगों के लिए लौकी के कोफ्ते एक बेहतरीन देसी विकल्प बन सकते हैं. बघेलखंडी अंदाज में तैयार यह रेसिपी साधारण लौकी को भी खास बना देती है. मसालों से भरपूर ग्रेवी में पकाए गए कोफ्ते स्वाद के साथ शरीर को ठंडक और पोषण देने का काम भी करते हैं.
सतना : गर्मी के मौसम में लोग अक्सर ऐसे भोजन की तलाश करते हैं जो हल्का हो शरीर को ठंडक दे और साथ ही स्वाद में भी बेहतरीन हो. ऐसे में रसोई में बनने वाली पारंपरिक देसी रेसिपी खास महत्व रखती हैं. बघेलखंड क्षेत्र में एक ऐसी ही लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश है जो साधारण लौकी को भी खास बना देती है.
आमतौर पर कई लोग लौकी का नाम सुनते ही इसे खाने से कतराते हैं लेकिन जब यही लौकी मसालों और बेसन के साथ कोफ्तों के रूप में तैयार होती है तो इसका स्वाद इतना लाजवाब हो जाता है कि हर कोई इसकी तारीफ करता है. खास बात यह है कि इसे कढ़ी, सब्जी या फिर चटनी के साथ खाया जाए तो खाने का मजा और भी बढ़ जाता है. यही कारण है कि गर्मियों के दिनों में बघेलखंड के कई घरों में यह डिश खास तौर पर बनाई जाती है.
पारंपरिक तरीका
लोकल 18 से बातचीत में स्थानीय निवासी उर्मिला मिश्रा ने बताया कि लौकी के कोफ्ते बनाने की प्रक्रिया बेहद आसान है बस सही तरीके और मसालों का संतुलन जरूरी होता है. इसके लिए सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह छीलकर कद्दूकस किया जाता है और उसमें मौजूद अतिरिक्त पानी को निचोड़ लिया जाता है. हालांकि इस पानी को फेंका नहीं जाता बल्कि बाद में ग्रेवी बनाने में इस्तेमाल किया जाता है जिससे स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं.
कद्दूकस की हुई लौकी में 3 से 4 चम्मच बेसन मिलाया जाता है. इसके साथ बारीक कटा हुआ अदरक, हरी मिर्च, हरा धनिया, थोड़ा सा गरम मसाला, हल्दी और स्वादानुसार नमक डाला जाता है. इन सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर छोटे छोटे गोल कोफ्ते तैयार किए जाते हैं. इसके बाद इन कोफ्तों को कढ़ाही में तेल में सुनहरा होने तक तला जाता है. जो लोग हेल्दी विकल्प चाहते हैं वे इन्हें स्टीम करके भी बना सकते हैं.
मसालेदार ग्रेवी में आता है असली स्वाद
कोफ्तों के बाद बारी आती है स्वादिष्ट ग्रेवी तैयार करने की. इसके लिए उसी कढ़ाही में थोड़ा तेल लेकर उसमें हींग और जीरा डाला जाता है. इसके बाद अदरक, लहसुन का पेस्ट और बारीक कटे हुए प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भुना जाता है. फिर इसमें कटे हुए टमाटर डालकर मसाले अच्छे से पकाए जाते हैं. अब हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लिया जाता है. इसके बाद पहले से निकाला गया लौकी का पानी और जरूरत के अनुसार थोड़ा और पानी डालकर ग्रेवी को उबाल आने तक पकाया जाता है. जब ग्रेवी तैयार हो जाए तब उसमें तले हुए कोफ्ते डालकर धीमी आंच पर लगभग पांच मिनट तक पकाया जाता है. अंत में कसूरी मेथी डालकर इसे सजाया जाता है जिससे इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
गर्मियों में सेहत के लिए भी फायदेमंद
लौकी के कोफ्ते सिर्फ स्वाद में ही नहीं बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद माने जाते हैं. दरअसल लौकी में लगभग 96 प्रतिशत पानी होता है जो गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है. यह पेट को ठंडक देती है और पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखने में सहायक होती है.
इसके अलावा लौकी में कैलोरी कम और फाइबर की मात्रा अधिक होती है जिससे यह वजन कम करने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प बन जाती है. इसमें मौजूद पोटेशियम दिल की सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है और यह ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में भी मदद करता है. यही वजह है कि बघेलखंड के कई घरों में गर्मियों के मौसम में लौकी के कोफ्ते को स्वाद और सेहत के बेहतरीन संयोजन के रूप में देखा जाता है. यदि इसे पारंपरिक तरीके से बनाया जाए तो साधारण लौकी भी एक खास और स्वादिष्ट व्यंजन में बदल जाती है.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें
[ad_2]
Source link
