[ad_1]
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई. शनिवार को ला मार्टिनियर कॉलेज से कौशाम्बी जाते समय बीच हवा में हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे पूरे केबिन में धुआं भर गया. पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत विमान को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतारा. राहत की बात यह है कि डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं. फिलहाल तकनीकी टीम खराबी के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए. उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट (चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा) पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य आज लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड से कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे. अभी हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी ही थी कि अचानक उसमें तकनीकी समस्या आ गई. देखते ही देखते हेलीकॉप्टर के भीतर तेजी से धुआं भरने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
खतरे को भांपते हुए पायलट ने फौरन एटीसी (ATC) से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को नजदीकी लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया. पायलट की सतर्कता की वजह से हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड करा लिया गया. गनीमत रही कि इस घटना में उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है.
जांच में जुटी तकनीकी टीम
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर प्रशासन और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल तकनीकी टीम इस बात की जांच कर रही है कि आखिर उड़ते हेलीकॉप्टर में धुआं क्यों भरा और खराबी की मुख्य वजह क्या थी. डिप्टी CM के सुरक्षित होने की खबर से समर्थकों और शासन ने राहत की सांस ली है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
[ad_2]
Source link
