[ad_1]
वाराणसी: यूपी में अब तापमान चढ़ने लगा है. फरवरी महीने में ही प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. अनुमान है कि अभी इसमें थोड़ा और उछाल देखने को मिल सकता है. उधर,न्यूनतम तापमान में भी बीते 24 घंटे में कुछ जिलों में 2 डिग्री सेल्सियस तक की तेजी आई है. भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है अगले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है. राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार (23 फरवरी) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग के सभी 75 जिले ग्रीन जोन में है. 24, 25 और 26 फरवरी को भी मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है.
सोमवार को कानपुर, प्रयागराज, झांसी, ललितपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ , मिर्जापुर, सोनभद्र, बरेली, अयोध्या, गोरखपुर, रामपुर, इटावा, मैनपुरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, महराजगंज, देवरिया, बलिया, बस्ती , आजमगढ़ और आसपास के जिलों में सुबह से धूप खिली रहेगी. इन जिलों में सिर्फ रात और सुबह के समय ही हल्की सिरहन महसूस होगी. अनुमान है कि ज्यादातर जिलो में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
राजधानी लखनऊ में सोमवार को धूप छांव का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. अगले 2 से 3 दिनों में इसमें थोड़ा और उछाल भी आ सकता है. उधर, नोएडा में भी आज मौसम सामान्य रहने वाला है.
चल रही उत्तर पश्चिमी हवाएं
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है. हालांकि इस समय प्रदेश में उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही है.जिसके कारण दोपहर के वक्त धूप की तल्खी लोगों को गर्मी का अहसास भी करा रही है.
बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम फतेहपुर जिले में रिकॉर्ड किया गया है. यहां न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं अधिकतम तापमान बांदा में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
[ad_2]
Source link
